आईएनसी 24 मीडिया छत्तीसगढ़। खरोरा संवाददाता - रोहित वर्मा की रिपोर्ट : -
छत्तीसगढ़। खरोरा, खरोरा क्षेत्र में होली के दिन एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की मृत्यु हो गई। यह घटना खरोरा के समीपस्थ ग्राम माठ में महामाया मंदिर के पास हुई, जहां होली के अवसर पर साउंड बॉक्स लगाकर बच्चे और युवक नृत्य कर रहे थे। उसी दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद वहां धारदार वस्तुओं से हमला किए जाने की घटना हुई।
जिसमें तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मोहित धीवर की रास्ते में ही मृत्यु हो गई, जबकि कमलनारायण यादव और देवा वर्मा का उपचार जारी है। बताया जा रहा है, कि मोहित धीवर अपने मामा के गांव में रहता था और 4 मार्च को अपना जन्मदिवस तथा होली मनाने के लिए लगभग छह माह बाद ग्राम माठ आया था। जन्मदिवस के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक में का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता व्यक्त की जा रही है तथा ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने की मांग भी सामने आ रही है। इस संबंध में खरोरा थाना प्रभारी के.के. कुशवाहा ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त होने के बाद पुलिस द्वारा अ आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।

