आईएनसी 24 मीडिया मध्यप्रदेश। पन्ना संवाददाता - पुण्यप्रताप सिंह परमार की रिपोर्ट : -
मध्यप्रदेश। पन्ना, पन्ना जिले की सिमरिया तहसील अंतर्गत ग्राम पडवार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय गर्भवती महिला नीता साहू की धारदार कुदारी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामवासियों के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 11 बजे नीता साहू के घर के अंदर से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
जब ग्रामीण घर के अंदर गए तो देखा कि महिला लहूलुहान हालत में पड़ी हुई थी। उस समय घर के अंदर उसकी सास और ससुर कुट्टू साहू मौजूद थे, जबकि उसका पति दयाराम साहू स्कूल गया हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक महिला 8 महीने की गर्भवती थी और उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना देखकर गांव वालों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया और इसकी सूचना मोहन्द्रा चौकी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिमरिया अस्पताल भेज दिया गया। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि नीता साहू की हत्या उसके सास और ससुर ने की है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि मृत महिला की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग 5 वर्ष और 7 वर्ष है। घटना की जानकारी मिलते ही सिमरिया थाना प्रभारी और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

